डिजिटल डेस्क : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार (15 फरवरी 2024) को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 'विकसित भारत विकसित राजस्थान कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान पीएम मोदी ने राजस्थान को 17 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा के विकास परियोजनाओं की सौगात दी। पीएम ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान राजस्थान के विभिन्न विधानसभाओं से आए लोगों का अभिनंदन किया और कांग्रेस पार्टी पर बड़ा हमला बोला।
पीएम ने अपने संबोधन में कहा कि आजादी के बाद आज ये स्वर्णिम काल आया है जब भारत को 10 साल पहले की सारी निराशाओं को पीछे छोड़ने का मौका मिला है। भारत अब आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। पीएम मोदी ने यूपीए सरकार का जिक्र करते हुए कहा कि 2014 से पहले देश में सिर्फ घोटालों और बम धमाकों की चर्चा होती थी। उन्होंने कहा, कांग्रेस के साथ एक बहुत बड़ी समस्या ये है कि वो दूरगामी सोच के साथ सकारात्मक नीतियां नहीं बना सकती। कांग्रेस न भविष्य को भांप सकती है और न ही भविष्य के लिए उसके पास कोई रोड मैप है। कांग्रेस की इसी सोच के कारण भारत अपनी बिजली व्यवस्था को लेकर बदनाम रहता था। उन्होंने कहा, कांग्रेस के दौरान बिजली की कमी के कारण पूरे देश में कई-कई घंटों तक अंधेरा हो जाता था। करोड़ों घरों में बिजली कनेक्शन ही नहीं था।
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस का एकमात्र एजेंडा मोदी को गाली देना है। उन्होंने कहा कि जो मोदी को जितनी ज्यादा गाली दे सकता है उसे ये उतने जोर से गले लगाते हैं। मोदी कुछ भी करे, कुछ भी कहे ये उसका विरोध ही करेंगे चाहे उसमें देश का नुकसान ही क्यों न हो। कांग्रेस के पास एक ही एजेंडा है- 'मोदी विरोध, घोर मोदी विरोध।'